राहुल के बयान पर भाजपा-कांग्रेस आमने सामने
मध्य प्रदेश के तीन दिन के प्रवास के दौरान राहुल गांधी ने सोमवार को टीकमगढ और बुधवार को भोपाल में संवाददाता सम्मेलन में संघ और सिमी की विचारधारा को एक समान बताया था। इस पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा ने राहुल गांधी को उटपटांग बयानबाजी करने वाला गांधी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि राहुल जवाहर लाल नेहरू की कांग्रेस के महासचिव हैं और उनके इस बयान की जितनी निंदा की जाए कम है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संघ एक राष्ट्रवादी संगठन है और पूरा देश जानता है कि संघ देशभक्ति का पाठ पढ़ाने वाला संगठन है, नौजवानों का चरित्र निर्माण करता है। राहुल गांधी मध्य प्रदेश आए हैं और वे हमारे मेहमान है। उन्होंने संघ तथा सिमी की तुलना करके ठीक नहीं किया है।
वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा की भाषा शैली पर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी का उस परिवार से नाता है जिसने देश के लिए बलिदान दिया है लिहाजा झा को टिप्पणी करते वक्त संयमित और मर्यादित भाषा का उपयोग करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications