बिहार चुनाव : दलबदल जारी, तेज हुआ आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला (राउंडअप)
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर पूर्व रेल मंत्री लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की चुनावी हार तय है। पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राबड़ी को दो सीटों पर लड़ाने के कारण सोनपुर से एक अच्छे विधायक रहे रामानुज प्रसाद को लालू ने राजनीति में गर्दन काट दी।
उन्होंने एक बार फिर कहा कि राजद और कांग्रेस मिले हुए हैं और केवल दिखावे के लिए एक-दूसरे पर तीखे बोल बोले जा रहे हैं। उन्होंने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राबड़ी देवी की हार तय है। इसके लिए वहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याषी सतीश कुमार ही काफी है।
उधर, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) तथा बजरंग दल पर प्रतिबंध लगना चाहिए।
विधानसभा चुनाव प्रचार पर जाने के पूर्व पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कांग्रेस के महसचिव राहुल गांधी के बयान पर कहा कि वे कांग्रेस के महासचिव हैं और इतना ही नहीं है वह जो बोलते हैं वही सरकार में होता है। इसके बाद भी केन्द्र सरकार आरएसएस, विहिप और बजरंग दल पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाती।
उन्होंने कहा कि वह पिछले 10 वर्षो से इन संगठनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते रहे हैं और आज भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल बोलने से कुछ नहीं होगा।
गौरतलब है कि राहुल ने मध्य प्रदेश में कहा था कि उनकी नजर में आरएसएस और प्रतिबंधित स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) में वैचारिक कट्टरता को लेकर कोई अंतर नहीं है।
इस बीच, जनता दल (युनाइटेड) के नेता एवं पूर्व सांसद विजय कृष्ण गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए। गौरतलब है कि कृष्ण चर्चित ट्रांसपोर्टर एवं जद (यु) के नेता सत्येन्द्र सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी हैं। राजद नेता एवं पूर्व मंत्री डा. शीतल राम और भगवान लाल सहनी ने अपने समर्थकों के साथ जद (यु) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
जद (यु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयोजक शरद यादव पटना पहुंच गए हैं। पटना पहुंचने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजग की सरकार बनना बिहार में तय है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान का प्रारंभ करेंगे।
यादव अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कटिहार जिले के मनिहारी विधानसभा क्षेत्र से करेंगे। शुक्रवार को वह मनिहारी, बलिरामपुर, रूपौली और सोनबरसा विधानसभा क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अगले दिन यादव फुलपरास, लौकहा, हरलाखी तथा विस्फी में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार से 'जनादेश यात्रा' पर निकलेंगे। इस दौरान वह प्रथम चरण में होने वाले 47 विधानसभा चुनाव क्षेत्रों में जाकर लोगों से अगले पांच वषरें के लिए जनादेश मांगेंगे।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के प्रथम चरण में वह मधेपुरा में रहकर प्रथम चरण में होने वाले सभी चुनाव क्षेत्रों का दौरा करेंगे और फिर पटना लौट कर दूसरे चरण में होने वाले चुनाव क्षेत्रों के लिए निकलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्ष में किये गये कायरें को लेकर वह जनता के बीच जाएंगे और एक विकसित बिहार बनाने के लिए अगले पांच वर्ष के लिए उनसे जनादेश मांगेंगे।
निर्वाचन आयोग ने गुरूवार को बिहार विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में पटना जिले के 10 सीटों सहित 42 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी।
राज्य के निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार राज्यपाल देवानंद कुंवर के आदेश के बाद चौथे चरण के चुनाव तथा बांका संसदीय क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई। अधिसूचना जारी होते ही इन सीटों के लिए प्रत्यााी अब अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि चौथे चरण के लिए पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर तक है। पर्चे की जांच 15 अक्टूबर को होगी जबकि प्रत्याशी अपने नाम 18 अक्टूबर तक वापस ले सकेंगे। चौथे चरण के लिए मतदान एक नवंबर को होगा।
विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय और जमुई जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। बांका के सांसद दिग्विजय सिंह की मौत के कारण बांका संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा के 243 सीटों के लिए छह चरणों में 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चुनाव की तिथि तय है। सभी सीटों की मतगणना 24 नवंबर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications