भारत को लेकर आशान्वित है अमेरिका: हिलेरी क्लिंटन
वाशिंगटन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में भारत की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है और अमेरिका भारत को लेकर काफी आशान्वित है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की नवंबर में प्रस्तावित भारत यात्रा इसका एक और प्रमाण साबित होगी।
फार्च्यून मोस्ट पावरफुल वूमन समिट की 12वीं बैठक में एचएसबीसी की भारत प्रमुख नैना किदवई द्वारा ओबामा की यात्रा से उनकी उम्मीदों के बारे में पूछे जाने पर क्लिंटन ने कहा कि अमेरिका के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमने 90 के दशक में भारत के साथ बेहतर संबंधों की शुरुआत की थी इसके बाद उनके पति की यात्रा और जॉर्ज बुश द्वारा परमाणु समझौता करने से अमेरिका के संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।
क्लिंटन ने कहा, "अब हम दोनों देशों के बीच व्यापाक रणनीतिक वार्ता के क्रियान्वयन पर जोर दे रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका दोनों देशों के व्यापार, अकादमिक और गैर सरकारी क्षेत्रों के आपसी संबंधों को बढ़ाने को लेकर काफी आशान्वित है।
उन्होंन कहा, "भारत की विकास दर और लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने के भारत के प्रयासों के बारे में हमारा मानना है कि भारत को आगे और विकास के लिए आथिक सुधारों की जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications