उमर की टिप्पणी शर्मनाक : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने यहां कहा, "किसी ने उन्हें यह अधिकार नहीं दिया है कि वह जम्मू एवं कश्मीर के विलय और उसके समझौते पर सवाल उठाएं। वह असफल मुख्यमंत्री हैं। राज्य में अब तक हुए मुख्यमंत्रियों में वह सबसे अलोकप्रिय हैं। उन्होंने यह टिप्पणी अपनी अयोग्यता छिपाने के लिए की है।"
अब्दुल्ला की टिप्पणी की आलोचना करते हुए हुसैन ने कहा कि नेशनल कांफ्रेस के नेताओं की यह 'पुरानी आदत' है कि वे दिल्ली में कुछ बोलते हैं और कश्मीर में कुछ और।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर सहित समस्त जम्मू एवं कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और अब्दुल्ला का बयान वैसा ही है, जैसा अलगाववादी बोलते हैं।
हुसैन ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री के बयान का विरोध करने पर भाजपा सदस्यों को मार्शल की मदद से बाहर निकाल दिया गया।
प्रवक्ता ने कहा, "उनके साथ मारपीट की गई। उनमें से चार घायल हो गए।"
अब्दुल्ला की टिप्पणी के बहाने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए हुसैन ने कहा कि इस पार्टी के महासचिव राहुल गांधी ने अब्दुल्ला की एक प्रशासक के रूप में 'विफलता' के बावजूद उन्हें एक और मौका देने की सिफारिश की है।
हुसैन ने पूछा, "क्या ऐसी टिप्पणी करने पर उन्हें (अब्दुल्ला) एक और मौका दिया जाना चाहिए?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications