राष्ट्रमंडल खेल : 'दिल्ली सबसे अच्छे खेलों में शुमार होगा'
नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। विभिन्न देशों से आए खेल प्रतिनिधियों के मुताबिक दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन को दुनिया के अब तक के सबसे बेहतर खेल आयोजनों में शुमार किया जाएगा।
युगांडा के खेल मंत्री चार्ल्स बुक्काबुलुंडी ने आईएएनएस से कहा, "हम तैयारियों को लेकर चिंतित थे। खासकर मीडिया की खबरों के कारण लेकिन उद्घाटन समारोह बेहद शानदार रहा। मुझे लगता है यह सबसे बेहतर आयोजनों में से एक था।"
उन्होंने कहा, "भारत विकासशील देश है, कुछ संदेहग्रस्त लोगों ने भारत के खेल आयोजित करने की क्षमता पर सवाल उठाए थे लेकिन मुझे विश्वास है कि भारत ने आर्थिक, राजनीतिक और खेल जैसे सभी क्षेत्रों में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है।"
दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में युगांडा की 34 सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे बुक्काबुलुंडी ने कहा, "भारत पहले ही कई मुद्दों पर विकासशील देशों का नेतृत्व कर रहा है। भारत ने दिखाया है कि विकासशील देश सभी काम कर सकते हैं और दूसरों से बेहतर कर सकते हैं।"
भारत में न्यूजीलैंड के व्यापार आयुक्त क्लिफ फुलर भी इस बात से सहमत हैं। उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह और खेलों के अन्य आयोजन अब से पहले हुए आयोजनों से बेहतर हैं।
उन्होंने कहा, "उद्घाटन समारोह ने यह छाप छोड़ी है कि यह सबसे बेहतर राष्ट्रमंडल खेल हैं। मैं कह सकता हूं कि न्यूजीलैंड सुरक्षा और अन्य इंतजामों से पूरी तरह संतुष्ट है।"
आस्ट्रेलिया के व्यापार आयुक्त माइकल कार्टर ने कहा कि खेलों से भारत और आस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक और राजनीतिक संबंध मजबूत होंगे।
भारत में जाम्बिया के उच्चायुक्त एलन डी. कैलेबुका ने कहा कि उनका देश भारत को कुछ और ज्यादा करने के लिए कहेगा क्योंकि हम चाहते हैं कि भारत दुनिया को दिखाए कि दुनिया विकासशील देशों की है।
कैलेबुका ने कहा, "भारत पर हमें गर्व है। सब कुछ बहुत बेहतर हुआ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications