अमेरिका ने हवाई हमले के लिए पाकिस्तान से माफी मांगी (लीड-1)
इस्लामाबाद, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान की एक सुरक्षा चौकी पर किए गए हमले के मामले में औपचारिक रूप से माफी मांगी ली है।
पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत एनी डब्ल्यू. पैटरसन ने एक सुरक्षा चौकी पर किए गए हेलीकॉप्टर हमले के लिए औपचारिक रूप से पाकिस्तान से माफी मांगी है।
गौरतलब है कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो)के हेलीकॉप्टर ने गत 30 सितम्बर को अफगान सीमा से सटे अर्धसैनिक बलों की एक चौकी पर हमला किया था। इसमें कम से कम तीन जवान मारे गए थे और तीन अन्य जख्मी हो गए थे। इसे लेकर देशभर में नाराजगी जाहिर की गई थी।
इस घटना के बाद पाकिस्तान सरकार ने अफगानिस्तान में नाटो के जवानों के लिए आपूर्ति की जाने वाली आवश्यक वस्तुओं के रास्ते को बंद करने का फैसला किया था। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।
विदेश विभाग के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने कहा, "जब तक लोग शांत नहीं हो जाते, तब तक आपूर्ति प्रकिया बहाल नहीं हो सकती।"
आपूर्ति मार्ग बहाल करने को लेकर नाटो के महासचिव आंद्रे रेस्मुसेन ने पाकिस्तान का दौरा किया था। उन्होंने कहा, "हमले की छानबीन शुरू कर दी गई है।"
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने आपूर्ति मार्ग जल्द बहाल हो जाने की संभावना जताई है।
इसके पहले व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा था कि हमले से दोनों देशों के बीच सम्बंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
अमेरिकी राजदूत का औपचारिक माफी मांग लेना हमले के बाद आए तनाव में कमी लाने की प्रक्रिया की शुरुआत है।
पैटरसन ने अपने बयान में कहा, "यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। हम भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पाकिस्तान सरकार से बातचीत कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications