राष्ट्रमंडल खेल : स्वीमिंग पूल से 50 एथलीट बीमार (लीड-1)
ब्रिटिश समाचार पत्र 'द टेलीग्राफ' के अनुसार इंग्लैंड के दल ने आयोजन समिति के अधिकारियों से इस बात का आश्वासन मांगा है कि स्वीमिंग पूल का पानी पूरी तरह सुरक्षित है।
इंग्लैंड के रजत पदक विजेता तैराक माइकल रॉक ने गुरुवार सुबह माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट 'ट्विटर' पर कहा कि ऐसा लगता है कि उन्हें कोई ऊपर से फेंक दिया हो। इस ब्रिटिश अखबार का कहना है कि खेल गांव के कई स्वीमिंग पूल की स्थिति बदतर हो गई है।
आस्ट्रेलिया की समाचार एजेंसी एएपी के हवाले से कहा गया है कि खेल गांव में बने कुछ स्वीमिंग पूल में पानी की वजह से ही आस्ट्रेलिया के 12 से अधिक तैराक और इंग्लैंड की तैराकी दल की दो महिला सदस्य भी बीमार पड़ गई हैं। इनके पेट में गड़बड़ी की शिकायत आई है।
आस्ट्रेलिया के तीन तैराक आंत्रशोथ की चपेट में आ गए हैं। इनमें एंड्रयू लॉतर्सटेन और हेडेन स्टोकेल जैसे बड़े नाम हैं। इन दोनों ने बीमार होने की वजह से ही गुरुवार को अपने मुकाबलों से नाम वापस ले लिए। इनके अलावा आस्ट्रेलिया के कम से कम 10 एथलीटों ने स्वीमिंग पूल की पानी की वजह पेट में संक्रमण की शिकायत की है।
इंग्लैंड की दो महिला तैराक फ्रैन हालसैल और रेबेका एडलिंग्टन ने भी बीमार होने की शिकायत की है लेकिन ये दोनों अपने-अपने मुकाबलों में शिकरत कर सकेंगी। ब्रिटिश मीडिया का दावा है कि इन दोनों के अलावा इंग्लैंड के 40 और एथलीटों ने भी स्वीमिंग पूल के पानी से प्रभावित होने की शिकायत की है।
राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के प्रमुख माइक फेनेल का कहना है कि स्वीमिंग पूल के पानी की पहले जांच हुई थी जिसमें कोई खामी की बात सामने नहीं आई थी। दूसरी ओर अपने खिलाड़ियों के बीमार होने के बाद आस्ट्रेलिया दल के प्रमुख स्टीव मोंगेगहेती ने सतर्कता बरतने की बात कही है। उनका कहना है कि इन तैराकों के अलावा आस्ट्रेलिया के पांच अन्य एथलीट भी बीमार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications