येदियुरप्पा ने दो बागी मंत्रियों को पद से हटाया
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "मुख्यमंत्री ने राज्यपाल हंसराज भारद्वाज से मत्स्य पालन मंत्री आनंद अस्नोतिकर और नगर निगम एवं स्थानीय निकाय मंत्री बालचंद्र जोरखिहोली को उनके पद से हटाने की सिफारिश की है।"
ये दोनों मंत्री येदियुरप्पा सरकार से समर्थन वापस लेने वाले भाजपा के 14 विधायकों में शामिल हैं। इन सभी विधायकों ने बुधवार को राज्यपाल को सरकार से समर्थन वापसी का पत्र सौंपा है। येदियुरप्पा सरकार को अब 12 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक अपना बुहमत साबित करना है।
येदियुरप्पा ने विश्वास मत साबित करने के लिए राज्यपाल से 11 अक्टूबर को 10 बजे सदन की बैठक बुलाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने चार निर्दलीय मंत्रियों को समर्थन वापस लेने के कुछ ही समय बाद पद से हटा दिया था।
यह चार निर्दलीय मंत्री कृषि विपणन और लघु उद्योग मंत्री शिवराज एस. तांगाडागी, कपड़ा एवं रेशम मंत्री वेंकटरमनप्पा, सामाजिक कल्याण मंत्री पी. एम. नरेन्द्र स्वामी और युवा सेवाएं और जेल मंत्री डी. सुधाकर शामिल हैं।
प्रदेश के आबकारी मंत्री एम. पी. रेणुकाचार्य बगावत करने वाले भाजपा के तीसरे मंत्री हैं उन्होंने बुधवार को इस्तीफा दे दिया था।
एक अधिकारी ने कहा, "रेणुकाचार्य का इस्तीफा अभी हमें नहीं मिला है। वह बेंगलुरू से बाहर हैं इसलिए हम इस्तीफे की पुष्टि नहीं कर सकते।"
बुधवार को दो बागी भाजपा विधायक बी. पी. हरीश और डी. जी. पाटील येदियुरप्पा के खेमे में वापस लौट आए थे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपना समर्थन जताया है।
पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ईश्वरप्पा ने कहा, "हमें विश्वास है कि बागी विधायक जल्द ही वापस आ जाएंगे और यह संकट खत्म हो जाएगा। इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि चार-पांच असंतुष्ठ विधायक वापस आने के लिए तैयार हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications