हाशिम का प्रयास सांप्रदायिक ताकतों को करारा जवाब : बिट्टा
अयोध्या। अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष एम.एस. बिट्टा ने अयोध्या विवाद को बातचीत के जरिए हल करने की पहल करने वाले मुस्लिम पक्ष के सबसे पुराने वादी हाशिम अंसारी के कदम को सांप्रदायिक ताकतों को करारा जवाब बताया है।
बुधवार को अयोध्या में हाशिम से मुलाकात करने के बाद बिट्टा ने संवाददाताओं से कहा, "अयोध्या विवाद पर सुलह की पहल का प्रयास करने वाले हाशिम अंसारी ने मंदिर-मस्जिद के नाम पर सियासत करने वालों के गाल पर जोरदार तमाचा मारा है। हम यहां उनका शुक्रिया अदा करने आए हैं।"
बिट्टा ने कहा, "हमें शांति और सौहार्द कायम करने के हाशिम के प्रयासों की सराहना करनी चाहिए। हम उम्मीद करते हैं कि आपसी सुलह के लिए की जा रही उनकी कोशिशों से इस मुद्दे का हल बातचीत से निकल आएगा।"
इस दौरान बिट्टा ने घोषणा कि हाशिम को अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा की तरफ से प्राइड ऑफ द नेशन के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
ज्ञात हो कि हाशिम अंसारी ने रविवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष ज्ञानदास से मुलाकात कर उनसे दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करके सुलह के प्रयास कराने का अनुरोध किया था।












Click it and Unblock the Notifications