दहेज के चलते मारी जा रहीं बालिकाएं : पाटील
अमृतसर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने दहेज को 'अभिशाप' बताते हुए कहा कि इसी के चलते बालिकाओं की हत्या कर दी जाती है। बुधवार को उन्होंने आह्वान किया कि बालिकाओं को बचाने के लिए देशभर में अभियान चलाया जाए।
यहां के ऐतिहासिक खालसा कालेज के मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह दुखद है कि माता-पिता अपनी बेटियों का कत्ल कर रहे हैं।
जनसभा में खासतौर से शामिल महिलाओं एवं बालिकाओं से पाटील ने कहा, "मैं आप सबको यहां महज भाषण देने नहीं आई हूं। मैं आपसे इस गंभीर मुद्दे पर बात करने आई हूं। दहेज इस देश में अभिशाप बन गया है, जिस कारण माता-पिता बेटियां नहीं चाहते हैं। हमें सोच में बदलाव लाना होगा और दहेज जैसी बुराई को खत्म करना होगा।"
राष्ट्रपति यहां बुधवार को बालिकाओं को बचाने के अभियान 'नन्ही छांव' में शामिल होने तथा पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करने आई थीं।
उन्होंने कहा, "यदि बालिकाएं नहीं बचेंगी तो मानवता को आगे बढ़ाने के लिए न मां होंगी, न बहनें, न पत्नियां और न बेटियां।"
इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटील, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल एवं उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल भी उपस्थित थे।
सुखबीर बादल की पत्नी और भठिंडा से सांसद हरसिमरत बादल 'नन्हीं छांव' के तहत महिलाओं और छात्राओं के अधिकार के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications