सऊदी शहजादे पर नौकर की हत्या का आरोप
समाचार पत्र 'डेली मेल' ने अपनी वेबसाइट पर ओल्ड बैले स्थित ज्यूरी के हवाले से खबर छापी है कि सऊदी अरब के राजा के पोते सउद अब्दुलअजीज बिन नासिर अल सउद ने अपने नौकर बदर अब्दुलअजीज के साथ कई सप्ताह तक शारीरिक और यौन संबंध बनाए। इसके बाद 14 फरवरी को उसकी हत्या कर दी।
शाही सदस्य पर आरोप है कि उन्होंने मेराइलबोन के एक पांच सितारा होटल में अपने नौकर बंदर अब्दुलअजीज (32) की यौन प्रेरित हिंसा में उसकी पीट कर हत्या कर दी थी। हत्या करने से पहले शहजादे अल सउद ने समुद्र तट पर आयोजित पार्टी में उसके साथ शराब का सेवन किया फिर सेक्स संबंध बनाए।
सुनवाई में बताया गया कि शहजादे (34) द्वारा किए गए हमले में नौकर की गले की हड्डियां टूट गई थीं और उसके गालों पर दांत से काटने के घाव पाए गए थे।
शहजादे ने पहले इस घटना को छुपाने की कोशिश की और उन्होंने पुलिस को बताया था कि नौकर लूट की घटना में घायल हुआ था।
बाद में उन्होंने नौकर को पीटने की बात स्वीकार कर ली, लेकिन वह इसे हत्या मानने के लिए तैयार नहीं हैं। शहजादे का कहना है कि उनका अपने नौकर के साथ दोस्ताना और बराबरी का बर्ताव था और वह समलैंगिक नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि शहजादे अपने नौकर के साथ पिछले साल दिसंबर में छुट्टियां बिताने लंदन आए थे। इस दौरान होटल के कमरे में उनके नौकर का शव मिला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications