पाकिस्तान में नाटो के 35 टैंकर जले (लीड-1)
इस्लामाबाद, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में बुधवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के 35 तेल टैंकरों को आग के हवाले कर दिया।
हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान ने ली है। अख्तराबाद इलाके में खड़े टैंकरों पर की गई गोलीबारी में एक घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि हमलावर दो वाहनों में सवार थे और फरार होने से पहले उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी की।
एक चालक ने बताया, "हम सभी लोग सोए हुए थे, उसी वक्त हमला किया गया और आंख खुली तो देखा कि चारों तरफ गोलीबारी हो रही है।"
टर्मिनल में कुल 45 टैंकर खड़े थे। उनमें से 10 टैकरों को बचा लिया गया। बुधवार से बलूचिस्तान में हुए ऐसे हमलों की चपेट में 45 टैंकर आ चुके हैं।
बलूचिस्तान के पुलिस महानिदेशक मलिक मोहम्मद इकबाल ने बताया, "नाटो के टर्मिनल को सुरक्षा मुहैया करना हमारा काम नहीं है।"
उधर, पाकिस्तान के सीमा शुल्क अधिकारियों ने अफगानिस्तान में तैनात नाटो के सैनिकों के लिए ईंधन और अन्य सामग्री ले जा रहे 152 ट्रेलरों और तेल टैंकरों को चमन सीमा के पास रोक लिया है।
रिपोर्ट में बताया गया है, "नाटो सैनिकों के लिए भेज जा रहे तेल टैंकरों के दस्तावेजों में चमन सीमा चौकी पर कुछ गड़बड़ी पाई गई।"
रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में मौजूद अमेरिकी अधिकारियों ने मंगलवार को सीमा शुल्क अधिकारियों से इन तेल टैंकरों और ट्रेलरों को रवाना कर देने का अनुरोध किया था।
सूत्रों ने बताया, "अमेरिकी अधिकारियों ने अफगानिस्तान में (नाटो) के सैनिकों के लिए भेजे जा रहे 152 ट्रेलरों और तेल टैंकरों को रोके जाने के विषय में हमसे संपर्क किया था।"
उन्होंने बताया कि सीमा शुल्क अधिकारियों ने दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ के बारे में अमेरिकी अधिकारियों को सूचित किया।
उन्होंने बताया,"ट्रेलरों और तेल टैंकरों के दस्तावेज सही पाए जाने के बाद ही उन्हें अफगानिस्तान जाने की अनुमति दी जाएगी।"
उन्होंने बताया कि सीमा शुल्क के अधिकारियों ने आपूर्ति वाहनों से मूल दस्तावेज मांगे हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि सभी वाहन पाकिस्तान-अफगानिस्तान चमन सीमा पर खड़े हैं।
सूत्रों ने बताया,"नाटो आपूर्ति वाहनों को बिना जांच के अफगानिस्तान जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications