ऐसा नेता बनें जिसे देश जाने : राहुल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित अल्पसंख्यक युवा सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा कि राजनीति में बदलाव के लिए युवाओं की जरूरत है। अल्पसंख्यक वर्ग के वे युवा आगे आएं जिनमें नेता बनने की काबिलीयत है। पूरे साहस से राजनीति में कदम बढाएं ताकि देश की राजनीति बदलने का जो अभियान शुरू हुआ है वह सफल हो।
राहुल ने इन युवाओं से चार राष्ट्रीय अल्पसंख्यक नेताओं के नाम पूछे लेकिन कोई नहीं बता पाया। इस पर राहुल ने कहा, "मेरी इच्छा है कि आप लोगों में से ऐसा नेता तैयार होकर निकले जिसे पूरा देश जाने। मैं किसी को नेता नहीं बना सकता लेकिन नेता बनने का सिस्टम जरूर बना सकता हूं। यही पहल युवक कांग्रेस के जरिए की गई है।"
राहुल ने युवती सम्मेलन में भी हिस्सा लिया और युवतियों के सवालों के जवाब दिए। युवतियों का कहना था कि उनके लिए राजनीति का क्षेत्र अच्छा नहीं माना जाता और परिवार के सदस्य भी इस क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं देते क्योंकि उनसे कहा जाता है कि राजनीति में वे सुरक्षित नहीं रहेंगी। इन सवालों पर राहुल ने कहा, "ऐसा नहीं है। हां आपको अपना मार्ग खुद जरूर तय करना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications