अयोध्या फैसला : माकपा ने की शांति की अपील
नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद पर गुरुवार को आए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले के बाद लोगों से शांति एवं सौहाद्र्र बनाए रखने की अपील की है।
इसके साथ ही माकपा ने यह भी कहा है कि फैसले की प्रकृति को लेकर सवाल हो सकते हैं और फैसले के पूर्ण अध्ययन की आवश्यकता है।
माकपा पोलित ब्यूरो की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने रामजन्मभूमि/बाबरी मस्जिद विवाद पर अपना फैसला दे दिया है। इस फैसले के पूर्ण अध्ययन की आवश्यकता है। यह अलग बात है कि फैसले की प्रकृति को लेकर सवाल हो सकते हैं।"
बयान में कहा गया है, "माकपा का मानना है कि हमारे संवैधानिक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक प्रणाली में किसी भी मुद्दे के समाधान का एक मात्र तरीका न्यायिक प्रक्रिया होनी चाहिए। इस न्यायिक प्रक्रिया का रास्ता सर्वोच्च न्यायालय तक जाता है।"
बयान में कहा गया है, "माकपा पोलित ब्यूरो देश की जनता से अपील करता है कि शांति और सांप्रदायिक सौहाद्र्र कायम रखा जाए और किसी उकसावे में न पड़ा जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications