नेपाल में प्रधानमंत्री पद का चुनाव 9वीं बार विफल
काठमांडू, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। नेपाल में प्रधानमंत्री पद का चुनाव लगातार नौवीं बार गुरुवार को विफल हो गया। चुनाव मैदान में डटे इकलौते उम्मीदवार नेपाली कांग्रेस (एनसी) के राम चंद्र पौडेल बहुमत के लिए जरूरी वोट नहीं हासिल कर पाए। लेकिन उन्होंने अभी भी मैदान से हटने से इंकार कर दिया है।
पूर्व उप प्रधानमंत्री पौडेल सामान्य बहुमत के लिए जरूरी 300 वोट नहीं हासिल कर पाए। उन्हें केवल 105 वोट ही हासिल हुआ। दो सांसदों ने पौडेल के खिलाफ वोट दिया और 61 ने मतदान नहीं किया।
इसके साथ ही संसद के सभापति सुभाष चंद्र नेमबांग ने घोषणा की कि 10वें दौर का चुनाव छह अक्टूबर को आयोजित होगा।
नौवें दौर का चुनाव अरुचि, निराशा और हताशा की भेंट चढ़ गया और वर्तमान 599 सांसदों में से केवल एक-तिहाई सांसदों ने ही चुनाव में हिस्सा लिया।
पौडेल की पार्टी नेपाली कांग्रेस ने कहा है कि वह तब तक चुनावी मैदान से नहीं हटेगी, जब तक कि माओवादी दो प्रमुख शर्ते नहीं मान लेते। नेपाली कांग्रेस संसद में माओवादियों के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है।
एनसी की मांग है कि माओवादी अवरुद्ध शांति प्रक्रिया के निस्तारण की समय सारिणी दें और एक नई सरकार के गठन पर राजी हों।
यद्यपि पौडेल को जरूरी वोट मिलने की संभावना नहीं है, फिर भी एनसी मैदान से हटने से इंकार कर रही है। उसे भय है कि माओवादियों और कम्युनिस्टों का नया गठबंधन चुनाव में जीत हासिल कर लेगा।
नेपाल के अनोखे संविधान का तकाजा यह है कि प्रधानमंत्री पद के लिए यह चुनावी प्रक्रिया तब तक चलती रहेगी, जब तक कि मैदान में एक भी उम्मीदवार बना रहेगा।
इस लंबे गतिरोध के कारण देश में भयानक आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई है। क्योंकि कार्यवाहक सरकार बजट पारित नहीं कर सकती।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल ने इस मुद्दे पर पूर्व वित्त मंत्रियों के साथ मंत्रणा की। पूर्व वित्त मंत्रियों ने उन्हें सलाह दी कि उन्हें अगले महीने बजट पेश करना चाहिए। लेकिन माओवादियों ने कहा है कि वे तब तक किसी कार्यवाहक सरकार द्वारा पूर्ण बजट पेश किए जाने का विरोध करेंगे, जबतक कि एक नई सरकार के गठन के लिए कोई समझौता नहीं हो जाता।
ऐसे में समस्या इस बात की है कि माओवादियों की सहमति के बिना बजट पारित नहीं हो सकता, क्योंकि संसद में 30 प्रतिशत सीटें उनके पास हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications