प्रफुल्ल पटेल ने माफी के लिए नहीं कहा : अमेरिका
वाशिंगटन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका की गृह सुरक्षा मंत्री जेनेट नैपोलितानो ने कहा है कि शिकागो हवाई अड्डे पर पूछताछ के मामले में भारतीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने उसने माफी के लिए नहीं कहा है।
अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) की बैठक के दौरान पटेल और जेनेट की मुलाकात हुई थी। इस दौरान दोनों ने शिकागो की घटना के बारे में बातचीत भी की। जैनेट ने बुधवार को समाचार चैनल सीएनएन से बातचीत में कहा, "जब मैं पटेल से मिली तो हमारे बीच अच्छी बातचीत हुई।"
उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि स्क्रीनिंग या सुरक्षा जांच हमेशा होती है। यह एक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके साथ ही हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि जब किसी देश के वरिष्ठ लोग या अधिकारी सफर कर रहे हों तो उन्हें आराम से आने-जाने दिया जाए।"
यह पूछे जाने पर कि पटेल को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ किए जाने के संदर्भ में उन्होंने माफी मांगी है तो जैनेट ने कहा, "पटेल ने माफी के लिए नहीं कहा था। परंतु हम दोनों ने इस बात पर चर्चा की कि दोनों देशों के बीच हवाई यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।"
पटेल से सोमवार को शिकागो के ओ' हारे हवाईअड्डे पर पूछताछ की गई थी। दरअसल, उनके नाम के किसी व्यक्ति को अमेरिकी आव्रजन अधिकारियों ने ब्लैकलिस्ट कर रखा था। अधिकारियों का कहना है कि गलतफहमी में उनसे पूछताछ कर दी गई। पटेल अपने बेटे से मिलने शिकागो गए थे।
इस पूरे प्रकरण के तूल पकड़ने के बाद अमेरिकी सरकार की ओर से खेद प्रकट करने की खबर आई थी। परंतु अमेरिका की गृह सुरक्षा मंत्री के इस ताजा बयान के अनुसार अमेरिकी प्रशासन की ओर से कोई माफी नहीं मांगी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications