अयोध्या विवाद : फैसला आज, कार्यालयों में उपस्थिति कम
गुरुवार को कामकाजी दिन होने के बावजूद सड़कों पर वाहन कम दिखे और मेट्रो में भी यात्रियों की संख्या सामान्य से कम रही। इस भावनात्मक मुद्दे पर अदालत के फैसले के बाद किसी भी तरह की परेशानी की आशंका को देखते हुए ज्यादातर कम्पनियों ने अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उन्हें अवकाश देना बेहतर समझा।
अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी 'माइक्रोसॉफ्ट कार्पोरेशन' ने देशभर में अपने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए 30 सितम्बर को अवकाश घोषित किया है। कम्पनी का कहना है कि यदि कोई बहुत जरूरी काम हो तो कर्मचारी उसे घर से ही पूरा कर सकते हैं।
बैंकिंग उद्योग में देशभर में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं लेकिन 30 सितम्बर को अर्धवार्षिक समापन के चलते बैंकों में कोई काम नहीं हुआ।
गौरतलब है कि इलाहबाद उच्च न्यायालय की तीन सदस्यीय लखनऊ पीठ 61 साल पुराने इस मामले में गुरुवार दोपहर अपना फैसला सुनाएगी। फैसले के मद्देनजर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications