बिहार चुनाव : जद (यु) की दूसरी सूची जारी
पटना, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल (युनाइटेड) ने गुरुवार को अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। इस सूची में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और कई मंत्रियों सहित कुल 73 प्रत्याशियों के नाम हैं।
इसके पूर्व जद (यु) अपने 54 प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुका है।
पार्टी के महासचिव रवींद्र सिंह ने पटना में पत्रकारों को बताया कि जद (यु) ने अब तक 141 सीटों में से 127 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है।
पार्टी ने उदय नारायण चौधरी को गया जिले के इमामगंज से एक बार फिर प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि मंत्री छेदी पासवान को मोहनिया, वृषिण पटेल को वैशाली, गौतम सिंह को मांझी, जीतन राम मांझी को मखदुमपुर, अनंत कुमार को मोकामा, पूनम देवी यादव को खगड़िया तथा श्याम रजक को फुलवारी से मैदान में उतारा है।
ज्ञात हो कि जद (यु), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। इसमें जद (यु) जहां 141 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े कर रहा है, वहीं भाजपा ने 102 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications