पूर्व इंडियन आइडल तमांग नेपाल के नए एम्बेस्डर
काठमांडू, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। नेपाल ने भारतीय क्रिकेट की पहचान सुनील गावस्कर के बाद पूर्व इंडियन आइडल प्रशांत तमांग को अपना पर्यटन एम्बेस्डर नियुक्त किया है। दार्जीलिंग के रहने वाले तमांग नेपाल में पर्यटन को बढ़ावा देंगे।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता पुलिस बल में एक सिपाही के बतौर कार्यरत 27 वर्षीय तमांग नेपाली मूल के हैं। वर्ष 2008 में 'इंडियन आइडल 3' का खिताब जीतने के बाद वह भारत ही नहीं नेपाल में भी मशहूर हो गए थे। इस शो में उन्हें सात करोड़ वोट मिले थे।
अब तमांग वर्ष 2010 में मिस नेपाल चुनी गईं सदिच्छा श्रेष्ठ और दुनिया के सबसे कम कद (22 इंच) के युवा खगेंद्र थापा के साथ 'नेपाल टूरिज्म बोर्ड' के एम्बेस्डर चुन लिए गए हैं।
वर्ष 2008 में तमांग को इंडियन आइडल में मिली सफलता में नेपाल का भी महत्वपूर्ण योगदान था। नेपाल के विभिन्न क्लबों ने पैसा इकट्ठा करके अपने सदस्यों को सीमापार भारत में भेजकर तमांग के लिए एसएमएस वोटिंग कराई थी।
'नेपाल टूरिज्म बोर्ड' का कहना है कि वह शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर तमांग को नेपाल पर्यटन वर्ष 2011 का गुडविल एम्बेस्डर घोषित करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications