राष्ट्रमंडल खेल : 5500 मेहमान और क्वींस बैटन दिल्ली पहुंची (लीड-1)
खास बात यह है कि सभी खिलाड़ियों ने खेल गांव की तारीफ की है और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की है लेकिन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। कलमाडी को भ्रष्टाचार का 'भूत' अब भी सता रहा है और इससे उबरने के उन्होंने गुरुवार को कहा कि वह किसी भी स्तर की जांच के लिए तैयार हैं।
कलमाडी ने गुरुवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज में आयोजित एक सम्मेलन में कहा, "खेलों के बाद भी मैं किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हूं। मेरा मानना है कि सच को सामने लाने के लिए जांच होनी ही चाहिए।"
साथ ही कलमाडी ने खेल गांव में गंदगी के लिए बिल्डरों और ठेकदारों को दोषी ठहराया। कलमाडी ने कहा कि खेल गांव निर्माण का ठेका एमार-एमजीएफ को दिए जाने को लेकर नोडल एजेंसी दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और बिल्डर में मतभेद था।
उन्होंने कहा, "मतभेद के चलते काम में तीन महीने की देरी हुई। खेल शुरू होने में एक महीना शेष रहने पर हमें खेल गांव सौंपा गया और कुछ चीजों को सही करने में समय लगा। लेकिन अब खेल गांव सुन्दर दिख रहा है और मैं आप से कह सकता हूं कि यह सबसे अच्छा राष्ट्रमंडल खेल गांव है।"
इस बीच, क्वींस बैटन 71 देशों और भारत के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की यात्रा पूरी करने के बाद गुरुवार को मेजबान शहर नई दिल्ली पहुंच गई।
इस मशाल ने अपनी यात्रा के दौरान 190,000 किलोमीटर की दूरी नापी। इस दौरान यह विदेशों में 170,000 किलोमीटर और भारत में 20,000 किलोमीटर तक घूमी। मशाल वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान से भारत पहुंची थी।
इस मशाल को हरियाणा के रास्ते नई दिल्ली में लाया गया। अगले दो दिनों तक यह दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों का दौरा करेगी और फिर तीन अक्टूबर को उद्घाटन स्थल-जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रवेश करेगी।
ओलंपिक में भारत के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिनव बिंद्रा उद्घघाटन समारोह में क्वींस बैटन लेकर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचेंगे।
इन खेलों के लिए गुरुवार को 1250 एथलीट भारत पहुंचे। इन्हें मिलाकर खेल गांव पहुंचने वाले एथलीटों की कुल संख्या 5500 हो गई। 1250 में से 124 सदस्यों का दल इंग्लैंड का है। इसमें तैराकी और अन्य खेलों से जुड़े खिलाड़ी और अधिकारी हैं।
पापुआ न्यू गिनी के 119 खिलाड़ी गुरुवार को इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर उतरे। यही नहीं, सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर आनाकानी करने वाले न्यूजीलैंड के 94 खिलाड़ी भी इसी दिन भारत पहुंचे।
आस्ट्रेलिया की हॉकी, टेनिस, स्क्वॉश, कुश्ती और मुक्केबाजी टीमें भी भारत पहुंच चुकी है। आस्ट्रेलियाई दल में कुल 87 खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा गुरुवार को भारत पहुंचने वाले देशों में कनाडा (79), मारिशस (75), बांग्लादेश (59), वेल्स (42) और मलेशिया (39) शामिल हैं।
3 से 14 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में 71 देशों के 7000 खिलाड़ी और अधिकारी शिरकत करेंगे। इन्हें खेल गांव में ठहराया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications