जद (यु) का 'जूनियर मंडल' को टिकट देने से इंकार
पटना, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) ने पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण की पैरोकारी करने वाले 'मंडल आयोग' के अध्यक्ष रहे बी. पी. मंडल के बेटे मनिंदर मंडल को टिकट देने से इंकार कर दिया है।
राज्य में 21 अक्टूबर से चुनाव शुरू हो रहा है। मधेपुरा विधानसभा सीट से प्रतिनिधित्व करने वाले मनिंदर को टिकट ने दिए जाने से राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है। पहले और दूसरे चरण के मतदान के लिए जारी 54 उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम नहीं है।
जद (यु) ने यादव वर्ग से ताल्लुक रखने वाले मनिंदर की जगह रमेंदर कुमार यादव को टिकट दिया है।
मनिंदर के करीबी जद (यु) के एक नेता ने गोपनीयता के शर्त पर आईएएनएस को बताया कि इस फैसले के पीछे पार्टी अध्यक्ष शरद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ है।
इस मसले पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता रामकृपाल सिंह ने कहा, "यह दुभाग्यपूर्ण है कि मंडल आयोग के नेतृत्वकर्ता के बेटे को टिकट नहीं मिल पाया है।"
इसे लेकर जद (यु) ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। पार्टी के प्रवक्ता श्याम रजक ने कहा, "मैं पार्टी नेतृत्व के बारे में कुछ नहीं कह सकता। फैसला जमीनी हकीकत के मद्देनजर लिया गया है।"
मनिंदर भी इसे लेकर किसी तरह की टिप्पणी करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। जब उसने संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, "दो-तीन दिन का इंतजार कर रहा हूं, फिर फैसला करुं गा कि मुझे क्या करना है।"
मनिंदर के एक समर्थक संजय यादव ने कहा, "मनिंदर को टिकट देने से इंकार करना कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन इससे बी.पी. मंडल की राजनीतिक विरासत का अपमान हुआ है।"
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, शरद यादव और रामविलास पासवान ने मंडल राजनीति का बखूबी फायदा उठाया है, लेकिन अब वे बी.पी. मंडल को भूल रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications