अलकायदा को धन मुहैया कराने वाला अमेरिकी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक अल्जीरियाई मूल के मोहम्मद उमर देभी पर अल्जीरिया से संचालित 'अलकायदा ऑर्गेनाइजेशन इन द इस्लामिक मगरिब' (एक्यूआईएम) को 60,000 यूरो से अधिक की राशि भेजने का आरोप है।
तैंतालीस वर्षीय देभी को एस्पलगस डी लियोब्रिगेट जिले में गिरफ्तार किया गया। वह वहीं का निवासी था। उस पर फर्जी पहचान पत्र रखने व स्पेन की सामाजिक सुरक्षा सेवाओं के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप भी लगा है।
उस पर बैंक के जरिए एक अल्जीरियाई आतंकवादी तक पैसा भेजने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक इस आतंकवादी का नाम तौफीक मिजी है।
पुलिस को 2006 से ही मिजी की तलाश थी, उसके एक आतंकवादी संगठन से संबद्ध होने का संदेह है। पुलिस का मानना है कि जब उसने अलकायदा की धन जुटाने वाली इकाई को नेस्तनाबूद किया था तब वह कई साल पहले भागकर स्पेन आ गया था।
अमेरिकी अधिकारियों ने देभी की गिरफ्तारी पर कोई त्वरित टिप्पणी नहीं की है और उसके अमेरिका से संबंध के विषय में भी बहुत कम जानकारी है लेकिन ऐसा माना जाता है कि वह कभी टेक्सास के ह्यूस्टन में रहता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications