बिहार चुनाव : सूची जारी होने के साथ बगावत भी शुरू
पटना। बिहार में पहले चरण के विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही राजनीतिक दलों में उम्मीदवारों की सूची जारी करने का सिलसिला भी शुरू हो गया। कांग्रेस में तो इसके साथ ही बगावत के सुर भी बुलंद होने लगे हैं।
उम्मीदवारों की सूची जारी करने में कांग्रेस आगे रही तो सबसे पहले बगावत की आग भी उसी के घर में लगी। पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के साले साधु यादव ने अपने समर्थकों को टिकट नहीं मिलने पर बगावत कर दी तो टिकट मिलने के बावजूद लवली आनन्द ने भी बगावती तेवर दिखाने प्रारंभ कर दिए।
कांग्रेस के 77 उम्मीदवारों की सूची सोमवार को देर रात जारी हुई। साधु का आरोप है कि टिकट बंटवारे में दूसरे दलों के सांसदों द्वारा दी गई सूची पर विचार किया गया परंतु कांग्रेस के कर्मठ नेताओं को तरजीह नहीं दी गई। उन्होंने कांग्रेस चुनाव अभियान समिति से त्यागपत्र दे दिया। इधर, सहरसा में पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद भी अपने समर्थकों को टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। कांग्रेस ने लवली को मधेपुरा के आलमनगर से उम्मीदवार बनाया है।
सहरसा में लवली के एक निकटवर्ती नेता ने बताया कि कांग्रेस में टिकट बंटवारे में जमीन से जुड़े नेताओं की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि लवली आनंद को टिकट अवश्य मिल गया परंतु पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार वह बुधवार को नामांकन नहीं दाखिल करेंगी। इस बीच राजद छोड़ एक सप्ताह पूर्व कांग्रेस में गये पूर्व मंत्री अखिलेश सिंह ने मंगलवार को पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि राजनीति में आलाकमान के प्रति निष्ठावान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई लोगों को टिकट नहीं मिलता है, ऐसे में दबाव की राजनीति नहंीं करनी चाहिए।
कांग्रेस करीब 20 वषरें के बाद राज्य में अकेले सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) ने 48 सीटों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इनमें चार महिला और छह मुस्लिम शामिल हैं। उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए पार्टी की बिहार इकाई के सचिव नन्द किशोर प्रसाद ने पत्रकारों को बताया कि निवर्तमान विधायक अमरनाथ यादव को पार्टी ने एक बार फिर रघुनाथपुर से टिकट दिया है जबकि दरौली से पूर्व विधायक सत्यदेव राम को तथा बलरामपुर से पूर्व विधायक महबूब आलम को प्रत्याशी बनाया गया है।
इसके अलावा अमरजीत पासवान को जीरादेई से तथा जगन्नाथ यादव को बहादुरपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पांच सीटों पर वामपंथी दलों के साथ दोस्ताना संघर्ष होगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने भी अपने 16 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। सूची जारी करते हुए पार्टी के महासचिव तारिक अनवर ने कहा कि जल्द ही और प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य में 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव छह चरणों में 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक होगा। मतों की गिनती 24 नवंबर को होनी है।












Click it and Unblock the Notifications