विएना में मंदिर पर हमले के मामले में सिख को उम्र कैद
विएना। आस्ट्रिया की राजधानी विएना में पिछले साल एक मंदिर पर हुए हमले के मामले में दोषी करार दिए गए भारतीय मूल के छह लोगों को अदालत ने कड़ी सजा सुनाई है। इस हमले में डेरा सच्च खण्ड के एक नेता की मौत हो गई थी।
मई 2009 में डेरा सच्च खण्ड के एक मंदिर पर हमले के बाद भारत के उत्तरी राज्यों पंजाब और हरियाणा में फैली हिंसा में तीन लोग मारे गए थे और दर्जनों लोग घायल हो गए थे। अदालत में लगभग 11 घंटे जिरह चलने के बाद मुख्य अभियुक्त जशपाल सिंह को धार्मिक नेता संत रामानंद की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया। भारतीय मूल के इस सिख को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
इसके अलावा जशपाल को एक अन्य धार्मिक नेता निरंजन दास पर जानलेवा हमला करने के मामले में भी दोषी ठहराया गया। इसमें 12 अन्य लोग घायल भी हो गए थे। अदालत के इस फैसले के बाद यशपाल के वकील ने हालांकि कहा कि इसके खिलाफ अपील की जाएगी। गौरतलब है कि इस मामले में पांच अन्य लोगों को भी मुख्य अभियुक्त की सहायता करने के लिए 17 से 18 साल की सजा सुनाई गई जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी छह महीने की सजा सुनाई है।












Click it and Unblock the Notifications