उत्तराखण्ड में पुलिस सतर्क, विशेष निगरानी के निर्देश
विशेष सतर्कता बरतते हुए बिहार चुनाव में जाने वाले राज्य के सुरक्षाबलों की 6 कंपनियों को फिलहाल रोक दिया गया है। पुलिस एवं खुबिया ब्यूरो को सांप्रदायिक तनाव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य की पुलिस महानिदेशक ज्योति स्वरूप पाण्डेय ने बताया कि आयोध्या फैसले के मद्देनजर सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। राज्य में पुलिस व अन्य सुरक्षा बलों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रयास करने को कहा गया है। पाण्डेय ने बताया कि बिहार चुनाव में जाने वाली आई.आर.बी. व पी.ए.सी. की 6 कंपनियों को राज्य के कानून व्यवस्था के मद्देनजर रोक लिया गया है।
पुलिस प्रमुख के मुताबिक किसी भी हालात से निपटने और सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए कदम उठाने के लिए पुलिस कप्तानों को निर्देश दे दिए गए हैं साथ ही उन्हें क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों के संपर्क में रहने को कहा गया है।
उधर राजधानी देहरादून और हरिद्वार में पुलिस कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रही है। क्षेत्र के सभी संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक एम. ए. गणपति ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून और हरिद्वार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सांप्रदायिक तनाव की आशंका वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
गौरतलब है कि उत्तराखण्ड के मैदानी इलाकों खास तौर से हरिद्वार में स्थिति संवेदनशील बनी रहती है। यहां के नक्सल प्रभावित इलाके में सांप्रदायिक तनाव के आसार ज्यादा रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications