बजट में कर दरों में बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं
नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। कर सुधार की मौजूदा नीतियों में स्थिरता की सरकार की इच्छा के चलते अगले साल के बजट में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर की दरों में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
वित्त मंत्रालय के संयुक्त सचिव (बजट) शक्तिकांत दास ने मंगलवार को पत्रकारों से यह बात कही। उन्होंने कहा, "कर नीति में बदलाव की गुंजाइश बहुत कम है। प्रत्यक्ष कर संहिता और वस्तु एवं सेवा कर से कर दरों में स्थिरता आएगी।"
यह दोनों प्रस्ताव आगामी बजट भाषण का हिस्सा रहेंगे। कर दरों के प्रस्तावों के संबंध में संक्षेप में विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।
दास ने कहा कि बजट भाषण के कुल समय में भी कमी आएगी। सरकार का मानना है कि बजट को लेकर बाजार में अनिश्चय की स्थिति में कमी आनी चाहिए।
दास ने कहा, "नीतिगत आधार पर कोई बड़े बदलाव नहीं होंगे खासकर कर छूट को लेकर।"
प्रत्यक्ष कर संहिता में दो लाख रुपये तक की आय को कर दायरे से बाहर रखा गया है जो कि फिलहाल 1.6 लाख रुपये है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications