झारखण्ड में 8 अक्टूबर को होगा मंत्रिमंडल विस्तार
दिल्ली से लौटने के बाद सोरेन ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों को बताया, "मुख्यमंत्री आठ अक्टूबर को 11 बजकर 35 मिनट पर मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। मंत्रिमंडल को लेकर सभी मुद्दों पर बातचीत पूरी हो गई है।"
मुख्यमंत्री मुंडा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख शिबू सोरेन के पुत्र हेमंत सोरेन और ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के अध्यक्ष व दूसरे उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो के साथ पांच दिन पूर्व दिल्ली गए थे। मंगलवार को सोरेन और महतो रांची लौट आए, जबकि मुंडा बुधवार को आ सकते हैं।
मुख्यमंत्री मुंडा ने नई दिल्ली में सोमवार को बताया कि मंत्रिमंडल के विस्तार में देरी अशुभ माने जाने वाले भादो महीने और पितृपक्ष की वजह से हुई है। मंत्रिमंडल का विस्तार पितृपक्ष के बाद किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गत 11 सितंबर को जेएमएम, आजसू, जनता दल (युनाइटेड) और दो निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिलने के बाद मुंडा राज्य के आठवें मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने गत 14 सितंबर को सदन में बहुमत हासिल किया था। राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री शामिल हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications