ओबामा की यात्रा 'महत्वपूर्ण अवसर' उपलब्ध कराएगी : अमेरिका
अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और भारतीय विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के बीच सोमवार को हुई बैठक के बाद एक अमेरिकी वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "दोनों विदेश मंत्री इस बात पर सहमत हैं कि राष्ट्रपति ओबामा की यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के इतिहास में महत्वपूर्ण अवसर होगी।"
क्लिंटन-कृष्णा की 30 मिनट की बैठक के बाद दक्षिण एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री राबर्ट ब्लेक ने पत्रकारों को बताया कि अमेरिका के सभी वरिष्ठ नेताओं ने भारत को वैश्विक ताकत के रूप में उभरने के लिए सहयोग करने पर जोर दिया है।
उन्होंने कहा कि गत नवंबर में राष्ट्रपति ओबामा के प्रशासन में अमेरिका का दौरा करने वाले भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पहले नेता थे। इस दौरान दोनों नेताओं ने कूटनीतिक संवाद की नींव रखी थी। अब दोनों नेताओं को अपने पारस्परिक संवादों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
सहायक विदेश मंत्री ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि राष्ट्रपति की यह यात्रा महत्वपूर्ण और परिणाम देने वाली होगी साथ ही इससे भारत का महत्व और बढ़ेगा। दोनों देशों के मूल्य एक हैं और दोनों देश पहले से कहीं ज्यादा एक दूसरे के साथ काम करना चाहते हैं।"
संयुक्त राष्ट्र परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता पर उन्होंने कहा कि अभी दोनों देशों के मंत्रियों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत नहीं हुई है। मंत्रियों ने अफगानिस्तान के हालात, पाकिस्तान में आई बाढ़, जलवायु परिवर्तन, अमेरिका-भारत परमाणु सहयोग और ईरान पर प्रतिबंध के मुद्दे पर बातचीत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications