राष्ट्रमंडल खेल : मेहमान खुश, चिदम्बरम ने लिया सुरक्षा का जायजा (लीड-2)
तैयारियों से खुश सीजीएफ के प्रमुख सदस्य आस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड के प्रतिनिधियों का कहना है कि खेल गांव के खुलने के साथ जाहिर तौर पर कुछ समस्याएं थीं लेकिन अब सब कुछ व्यवस्थित है। इसी तरह की राय ब्रिटेन और आयरलैंड के मध्य में स्थित छोटे से स्वतंत्र देश आइएल ऑफ मैन के खिलाड़ियों ने भी जाहिर की है। इन खेलों में 71 देशों के 7000 खिलाड़ी और अधिकारी शिरकत करेंगे।
खेल गांव की दुर्व्यवस्था को लेकर दुनिया भर की मीडिया ने काफी कुछ लिखा और दिखाया। भारतीय मीडिया ने भी इसे लेकर काफी आलोचनात्मक रुख अपनाया लेकिन खेल गांव पहुंचे विदेशी मेहमानों का कहना है कि सुरक्षा से लेकर हवाई अड्डे पर अगुवाई और खेल गांव में ठहरने के स्थान से लेकर खानपान और व्यायाम की व्यवस्था सही मायने में विश्वस्तरीय है।
इसी क्रम में आस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख स्टीव मोनेघेट्टी ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार खेल गांव की सुविधाओं को लेकर प्रसन्नता जाहिर की है। मोनेघेट्टी ने हालांकि कहा कि आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को समापन से पहले घूमने की छूट नहीं है।
वर्ष 2006 में मेलबर्न में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार खेल गांव के मेयर नियुक्त किए गए मोनेघेट्टी ने कहा कि खेल गांव की खूब आलोचना हुई है लेकिन यह बहुत व्यवस्थित है और आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को किसी प्रकार की शिकायत नहीं है।
उन्होंने कहा, "हमें यहां किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। हम यहां रविवार को पहुंचे हैं और तब से लेकर आज तक हमें कोई परेशानी नहीं हुई है। मैंने खिलाड़ियों से खेल गांव को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं सुनी है। रहने की व्यवस्था बेहतरीन है और खान-पान बहुत ही शानदार है।"
इसी तरह की बात न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के पहले दल ने कही है। इस दल ने खेल गांव की व्यवस्था को लेकर खुशी जाहिर की है। न्यूजीलैंड की लॉन बॉल्स टीम के कोच डेव एडवर्ड्स ने कहा कि खेल गांव में पहली रात गुजारने के बाद उनके खिलाड़ियों ने किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है।
डेव ने कहा, "पिछले कुछ दिनों से यहां काम जारी है लेकिन जहां तक हमारी बात है तो हम यहां की व्यवस्था से खुश हैं। हमारी इमारत में थोड़ी धूल है और कहीं-कहीं प्लास्टर ठीक से नहीं की गई है लेकिन इसके बावजूद हम यहां की व्यवस्था से खुश हैं।"
डेव ने कहा कि सोमवार को इंदिरा गांधी हवाई अड्डे से खेल गांव तक का उनका सफर भी काफी अच्छा रहा। इस दौरान सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था देखी गई। ऐसे में वह आयोजन समिति के कार्य से खुश हैं।
इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच आयरिश सागर में स्थित छोटे से द्वीप आइएल ऑफ मैन के निशानेबाज राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार खेल गांव की व्यवस्था से काफी खुश हैं।
इस छोटे द्वीप की पांच सदस्यीय निशानेबाजी टीम ने रविवार को भारत में प्रवेश किया था और तब से लेकर आज तक खेल गांव से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है।
रविवार को हवाई अड्डे पर उतरने के साथ इस दल को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खेल गांव लाया गया था। हवाई अड्डे पर इस दल ने भारतीय समाचार पत्रों में खेल गांव की दुर्व्यवस्था से जुड़ी खबरें पढ़ीं थीं लेकिन यहां पहुंचकर इनका विचार पूरी तरह बदल गया।
इस टीम के सदस्य स्टीवन वाटरसन ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "मैंने हवाई अड्डे पर भारतीय समाचार पत्रों में खेल गांव को लेकर नकारात्मक खबरें पढ़ी थीं। हम तो यहां हाथ धोने का सामान और मेडिकल किट लेकर आए थे लेकिन खेल गांव पहुंचकर हमने देखा कि यहां की व्यवस्था विश्वस्तरीय है। हमारे लिए यह सुखद: अहसास है। हम काफी अच्छा वक्त बिता रहे हैं।"
आइएल ऑफ मैन आयरिश सागर के मध्य में स्थित है। इसका क्षेत्रफल 572 वर्ग किलोमीटर है। इसकी मुखिया ब्रिटेन की महारानी हैं लेकिन यह ब्रिटेन का हिस्सा नहीं है। इस द्वीप की जनसंख्या 80,000 है। इसली ऑफ मैन ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 31 सदस्यीय दल भारत भेजा है। यह दल निशानेबाजी, साइकिलिंग, तीरंजादी और तैराकी में हिस्सा लेगा।
गृह मंत्रालय खेलों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की बदइंजामी के बिल्कुल खिलाफ है। यही कारण है कि चिदम्बरम ने मंगलवार को व्यवस्था को लेकर अपने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने चिदम्बरम की इस बैठक को 'नियमित आंतरिक बैठक' करार दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "खेलों के मद्देनजर राजधानी और देश के सुरक्षा हालात का जायजा लिया गया। खेलों के संबंध में सुरक्षा की रणनीति एक अक्टूबर से लागू होगी। इसके लिए पूरी तैयारी की जा चुकी है।"
चिदरम्बरम के साथ हुई इस बैठक में गृह सचिव जी.के. पिल्लै, गुप्तचर एजेंसियों और रिसर्च एंड एनालसिस विंग (रॉ) के प्रमुख और खेलों से जुड़े शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद चिदम्बरम ने नार्थ ब्लॉक में खेलों के लिए तैयार 24 घंटे चलने वाले कंट्रोल रूम का भी दौरा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications