ब्लैकबेरी ने प्लेबुक लांच किया
टोरंटो/सैन फ्रांसिस्को, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्लैकबेरी फोन निर्माता कम्पनी रिसर्च इन मोशन (आरआईएम) ने सोमवार को अपना टैबलेट कम्प्यूटर 'प्लेबुक' के नाम से बाजार में उतारा है। कंपनी ने यह टैबलेट कम्प्यूटर अपनी प्रतिद्वंद्वी कम्पनी एप्पल के आईपैड के मुकाबले में उतारा है।
'प्लेबुक' को कंपनी के स्मार्टफोन ब्लैकबेरी की तरह व्यापार और उद्योग जगत के उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्लेबुक का आकार आईपैड से आधा है लेकिन वजन समान है। इसकी मोटाई केवल 9.77 मिलीमीटर है।
प्लेबुक अगले साल की शुरुआत में उत्तरी अमेरिका और अगले वर्ष के अंत तक दुनिया के अन्य बाजारों में उपलब्ध हो जाएगा।
सैन फ्रांसिस्को में कम्पनी की वार्षिक बैठक में प्लेबुक को लांच करते समय कम्पनी के सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक लैजारडिस ने कहा, "आरआईएम ने व्यवसाइयों के अनुकूल टैबलेट कम्प्यूटर विकसित किया है और इसमें सबसे आधुनिक ऑपरेटिंग सिस्टम का उपयोग किया गया है।"
"प्लेबुक में वास्तविक रूप से मल्टीटास्किंग, उच्च क्षमता की मल्टीमीडिया और वेब ब्राउजिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं।"
प्लेबुक में एक गीगाहर्टज का प्रोसेसर लगा है और यह ब्लैकबेरी की सभी सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम है। प्लेबुक में वाई-फाई उपलब्ध नहीं है।
लैजारडिस ने कहा, "यदि मेरे पास यू-ट्यूब वेबसाइट सर्फ करने की सुविधा है तो मुझे यू ट्यूब एप्लीकेशन डाउनलोड करने की कोई जरूरत नहीं है। प्लेबुक में वेबसाइट उपयोग करने की बेहतर सेवाएं उपलब्ध हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications