राष्ट्रमंडल खेल : बेंगलुरू स्पा में आराम फरमा रहीं कैमिला
कैमिला मंगलवार तड़के व्हाइटफील्ड स्थित शौकिया समग्र स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद केंद्र पहुंचीं और वहां चार घंटे के प्रवास के दौरान उनका समग्र इलाज हुआ।
शौकिया की प्रवक्ता मैरी ने आईएएनएस को बताया, "कैमिला 15 सदस्यीय दल के साथ लंदन से यहां चार दिवसीय प्रवास के लिए आई हैं। वह हमारे यहां की सुविधाओं से प्रभावित हुई हैं।"
राज्य प्रोटोकाल कार्यालय ने इसके पहले इस बात की पुष्टि की कि कैमिला बेंगलुरू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान से पहुंचीं और कड़ी सुरक्षा के बीच शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर व्हाइटफील्ड गईं।
मैरी ने कहा, "यद्यपि कैमिला का स्वास्थ्य अच्छा है, लेकिन वह हमारे प्रेसिडेंसियल सूट में कुछ समय बिताना चाहती हैं, क्योंकि लंबी उड़ान के कारण वह थकी हुई हैं। उन्होंने हल्का नाश्ता लिया और यहां की पद्धति से खासतौर से बनाया गया दोपहर का भोजन किया।"
समग्र स्वास्थ्य विशेषज्ञ एवं स्पा मालिक इसाक माथाई ने आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय चिकित्सा पद्धति के विभिन्न थेरेपी के जरिए कैमिला को तरोताजा बनाने का एक कार्यक्रम तैयार किया है।
मैरी ने कहा, "चार्ल्स एवं कैमिला एकीकृत चिकित्सा को बहुत महत्व देते हैं। जैविक खेती और समग्र इलाज उनके मन के बहुत करीब है। हम उन्हें योग, ध्यान, एक्यूप्रेसर और रिलैक्सालॉजी जैसी अतिरिक्त थेरेपी भी देंगे।"
कैमिला राष्ट्रमंडल खेलों के रविवार के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को अपने पति के पास नई दिल्ली पहुंच जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications