खेलों से पहले 'एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन' शुरू करने का प्रयास
दिल्ली मेट्रो और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर राष्ट्रमंडल खेल से पहले ही एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन (एईएल) पर सेवाएं शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं।
यह 23 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शिवाजी स्टेडियम, धौला कुआं, दिल्ली एरो सिटी और इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा होते हुए द्वारका सेक्टर 21 तक पहुंचेगी। यह सार्वजनिक और निजी भागीदारी में बनी पहली मेट्रो लाइन होगी। दिल्ली मेट्रो रेल प्राधिकरण (डीएमआरसी) और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर मिलकर इस पर काम कर रहे हैं।
डीएमआरसी और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के बीच हुए समझौते के मुताबिक डीएमआरसी यहां निर्माण कार्य करेगी जबकि रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर यहां सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि डीएमआरसी ने मेट्रो लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है और अब यह रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के ऊपर है कि वह अपनी सेवाएं कब से शुरू करते हैं।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के अधिकारियों के मुताबिक मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) सोमवार से ही मेट्रो लाइन का मुआयना कर रहे हैं। मंगलवार को भी मुआयना जारी रहा। उन्होंने बताया कि एक बार सीएमआरएस का प्रमाणपत्र मिलने के बाद जल्दी ही मेट्रो सेवा शुरू होने की तारीख घोषित की जाएगी।
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के एक अधिकारी ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेलों के शुरू होने में पांच दिन बाकी हैं और हम उनसे पहले 'एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन' शुरू करना चाहते हैं। हम इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं कि खेल शुरू होने से पहले ये सेवाएं शुरू हो जाएंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications