चीन में नवजातों को बेचने वालों को मौत की सजा
बीजिंग, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। चीन में दो लोगों को बच्चों को चुराने और बेचने के लिए मौत की सजा दी गई है। आरोपियों ने 46 नवजात का अपहरण करने के बाद उन्हें 5,880 डॉलर में बेच दिया था।
समाचार पत्र 'शंघाई डेली' में मंगलवार को छपी खबर के मुताबिक ली डिजी और वू सूकिंग को वर्ष 2007 और 2009 में बच्चों का अवैध व्यापार करने का दोषी पाया गया। कूआनझू शहर के न्यायालय ने दोनों को मौत की सजा सुनाई है।
न्यायालय ने कहा कि ली डिजी और वू सूकिंग दोनों ने अपने 11 अन्य साथियों के साथ मिलकर एक साल और उससे कम आयु के 46 बच्चों को कूआनझू के ग्रामीण इलाकों में बेच दिया।
इस काम में दोनों का साथ देने वाले 11 अन्य आरोपियों को नवजातों का अपहरण करने और अवैध कारोबार में लिप्त होने पर न्यायालय ने उन्हें कई तरह की सजा दी है। पुलिस ने सिचुआन, यून्नान और गुआंझी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र से चुराए गए बच्चों को मुक्त करा लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications