रिलायंस कैपिटल आधारभूत संरचना क्षेत्र को वित्तीय सेवा देगी
समूह के अध्यक्ष अनिल अम्बानी ने कहा, "अगले कुछ साल में भारत में आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए 10 खरब डॉलर या 50 लाख करोड़ रुपये की आवश्यकता है। कम्पनी इस क्षेत्र में वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगी।"
उन्होंने कहा, "रिलायंस कैपिटल इस क्षेत्र में 18 से 20 प्रतिशत मुनाफे के लिए विक्रेताओं, आपूर्तिकर्ताओं और ठेकेदारों को वित्तीय समाधान उपलब्ध कराएगी।"
समूह की वार्षिक आम बैठक में अनिल अम्बानी ने कहा, "विभिन्न चरणों में हम इस क्षेत्र की 50,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को तीन से पांच साल में यह राशि उपलब्ध कराएंगे।"
अम्बानी ने कहा कि कम्पनी इस समय देश की सबसे बड़ी गैर बैंकिंग वित्तीय कम्पनी है। कम्पनी की योजना अपने बीमा कारोबार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने और बैंकिंग कारोबार में उतरने की है।
अम्बानी ने कहा, "रिलायंस लाइफ देश की पहली बीमा कम्पनी थी जिसने वर्ष 2009 में कम्पनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना की घोषणा की। बीमा नियामक बीमा कम्पनियों को सूचीबद्ध करने की नियमावली तैयार करने के अंतिम दौर में है।"
उन्होंने कहा, "एक बार यह नियमावली बन जाए तो हम अपने जीवन बीमा कारोबार को सूचीबद्ध कराने की संभावनाएं तलाश करेंगे।"
अम्बानी ने कहा कि रिलायंस कैपिटल नए बैंकिंग लाइसेंस जारी करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक की नई नियमावली का भी अध्ययन कर रही है।
उन्होंने कहा, "हमने हमेशा बैंकिंग क्षेत्र को वरीयता में रखा है। पांच साल पहले स्थापित की गई एक छोटी सी संपत्ति प्रबंधन कम्पनी से बढ़कर अब यह कम्पनी 1,50,000 करोड़ की संपत्ति का प्रबंधन करने वाली प्रमुख वित्तीय कम्पनी बन गई है।"
उन्होंने कहा, "हम अपने विभिन्न कारोबार में प्रमुख स्थान पर हैं। जहां कई वित्तीय कम्पनियां विदेशी कम्पनियों से समझौतों के बल पर विकास कर रही हैं वहीं हमने अकेले ही यह वृद्धि दर्ज की है।"
अम्बानी ने अन्य क्षेत्रों में प्रवेश की अपनी योजनाओं का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि कम्पनी स्पॉट ट्रेडिंग कारोबार में एक कमोडिटी एक्सचेंज में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद चुकी है।
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि यह बेहतर संभावनाओं वाला क्षेत्र है और हम एक्सचेंज व्यापार सहित सभी क्षेत्रों में प्रवेश की योजना बना रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications