सूची जारी होते ही कांग्रेस में उभरे विरोध के स्वर (लीड-1)
पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी एवं कांग्रेसी नेता लवली आनंद के समर्थकों ने टिकट वितरण में धांधली का आरोप लगाया है वहीं कांग्रेसी नेता साधु यादव ने कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
सहरसा में लवली आनंद के एक निकटवर्ती नेता ने बताया कि कांग्रेस में टिकट बंटवारे में जमीन से जुड़े नेताओं की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि लवली आनंद को टिकट अवश्य मिल गया है परंतु पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार वह बुधवार को अपना नामांकन नहीं दाखिल करेंगी।
इधर, कांग्रस के नेता एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद के साले साधु यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर टिकट बंटवारे में धांधली का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
साधु यादव ने पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस में जो लोग टिकट बांटने का कार्य कर रहे हैं, ऐसे लोगों को टिकट दे रहे हैं जिनका हारना तय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे दल के सांसदों द्वारा भेजे गये नामों पर विचार किया जा रहा है जबकि अच्छे और कर्मठ कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सिपाही हैं और पार्टी को इससे अगाह करना उनकी जिम्मेवारी है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ने की किसी संभावना से इंकार करते हुए कहा कि वह सिपाही हैं और कार्य करेंगे। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि अगर पार्टी नहीं चेती तो वह कोई भी कदम उठा सकते हैं।
साधु यादव ने पिछले लोकसभा चुनाव के पूर्व ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। कांग्रेस ने सोमवार की देर रात ही 243 में से अपने 77 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। 20 वर्षो के बाद राज्य में कांग्रेस अकेले विधानसभा की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications