राष्ट्रमंडल खेल : 'हॉकी रहेगा सबसे बड़ा आकर्षण'
नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान वासुदेव भाष्करन ने कहा है कि तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हॉकी आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र रहेगा।
वर्ष 1980 में आयोजित ओलम्पिक खेलों में हॉकी का स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान रहे भाष्करन ने कहा, "हॉकी में विश्व की शीर्ष वरीयता प्राप्त टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस लिहाज से मैं हॉकी मैचों के दौरान सबसे अधिक भीड़ जुटने और इन्हें लेकर सबसे अधिक चर्चा होने की संभावना देख रहा हूं।"
"अगर आप पुरुष वर्ग में नजर डालें तो राष्ट्रमंडल खेलों में विश्व की शीर्ष-10 में से सात टीमें हिस्सा ले रही हैं। यूरोपीयन टीमों-हॉलैंड, जर्मनी और स्पेन को छोड़कर बाकी की सभी शीर्ष वरीय टीमें इन खेलों में हिस्सा ले रही हैं।"
नई दिल्ली में तीन बार की स्वर्ण पदक विजेता आस्ट्रेलियाई टीम के अलावा चौथी वरीयता प्राप्त इंग्लैंड, छठी वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया, सातवीं वरीयता प्राप्त न्यूजीलैंड, आठवीं वरीयता प्राप्त पाकिस्तान, नौवीं वरीयता प्राप्त भारत, 10वीं वरीयता प्राप्त कनाडा और 14वीं वरीयता प्राप्त दक्षिण अफ्रीका की टीमें शिरकत कर रही हैं। आस्ट्रेलिया मौजूदा विश्व चैम्पियन है।
महिला वर्ग में शीर्ष-4 टीमें भारत नहीं आ रही हैं जबकि छठी वरीयता प्राप्त आस्ट्रेलिया, सातवीं वरीयता प्राप्त न्यूजीलैंड और 11वीं वरीयता प्राप्त भारतीय टीम इसमें शिरकत कर रही है।
भाष्करन ने कहा कि अगर भारत की महिला एवं पुरुष टीमें पदक हासिल करने में सफल रहीं तो यह बेहद खुशी की बात होगी।
भारत की पुरुष टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक कोई पदक नहीं जीता है। पुरुष हॉकी को इन खेलों में 1998 में जगह मिली थी। दूसरी ओर महिला टीम ने 2002 में स्वर्ण जीता था। इसके अलावा वह मैनचेस्टर (2006) में रजत पदक जीत चुकी है।
हॉकी के मुकाबले मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसी स्टेडियम में मार्च में विश्व कप खेला गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications