राजस्थान में बनी देश की पहली महिला पुलिस बटालियन
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को देश की प्रथम महिला पुलिस बटालियन 'हाड़ीरानी' के पहले दस्ते को विधिवत पुलिस बेड़े में शामिल किया। इस बेड़े में राज्य के विभिन्न जिलों की 480 महिला पुलिसकर्मी शामिल की गई है।
मुख्यमंत्री गहलोत ने रविवार को जोधपुर स्थित राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र के सुल्तानसिंह स्टेडियम में दीक्षान्त परेड की सलामी ली। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पहली महिला पुलिस बटालियन की परेड में आने पर उन्हें बेहद प्रसन्नता और गर्व महसूस हो रहा है। परेड में जो अनुशासन देखने को मिला वह बेमिसाल है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन राजस्थान पुलिस के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। समूचे देश में पुलिस की यह पहली बटालियन है। सीआरपीएफ की दो तथा सीमा सुरक्षा बल की एक महिला बटालियन पहले से है, लेकिन पुलिस की ये प्रथम बटालियन होगी।
गहलोत ने कहा कि इस बटालियन से देश में महिलाओं का सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सात दस्ते यहां तैयार हो गये हैं, इसके लिए मेजर जनरल दलवीर सिंह और उनके साथी धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के पुलिस प्रशिक्षण केन्द्रों में गुजरात तथा चण्डीगढ़ जैसे प्रदेशों तथा श्रीलंका से भी पुलिसकर्मी प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिये आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पुलिस को और अधिक मजबूती देने तथा उसका सुदृढ़ीकरण करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में सात हजार तीन सौ पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी। इस भर्ती में साक्षात्कार नहीं रखा जायेगा केवल लिखित और शारीरिक परीक्षा ही ली जाएगी। इसके अलावा 650 एस. आई. की भर्ती भी होगी।
आरपीटीसी के पुलिस महानिरीक्षक सुधाकर जोहरी ने प्रारंभ में बटालियन का परिचय देते हुए बताया कि बटालियन का प्रशिक्षण गत वर्ष नवम्बर माह में प्रारंभ हुआ था। इस बैच ने 36 सप्ताह का प्रशिक्षण पूर्ण करने के साथ ही परीक्षाएं भी पूर्ण कर ली हैं। इन्हें अर्ध सैनिक बलों की तर्ज पर विशेष प्रशिक्षण के साथ विशेषज्ञों से कमान्डो प्रशिक्षण दिलाया जाकर तराशा गया है।












Click it and Unblock the Notifications