आस्ट्रेलिया में फिर एक भारतीय पर नस्लीय हमला
मेलबर्न। आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर नस्लीय हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मेलबर्न शहर में फिर से एक भारतीय युवक पर हमला किया गया है।
समाचार पत्र 'डांडेनोंग लीडर' के मुताबिक इस बार एक 21 वर्षीय युवक को निशाना बनाया गया। यह भारतीय युवक गत बुधवार को सेंडाउन पार्क रेलवे स्टेशन के समीप सुबह के समय घूम रहा था, तभी वहां से गुजर रहे चार बाइकसवार किशोरों ने युवक से पहले पूछा, "क्या तुम भारतीय हो।"
इन किशोरों के पास बेसबॉल के बल्ले थे और इन्होंने भारतीय युवक पर हमला कर दिया। पुलिस अधिकारी सर्जेट जो हेडेन ने बताया कि भारतीय युवक के जमीन पर गिर जाने के बाद भी उस पर वार किया जाता रहा। उसके शरीर चोट के निशान थे। युवक को दो राहगीरों ने अस्पताल में दाखिल कराया।
'फैडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन ऑफ विक्टोरिया' के अध्यक्ष वसन श्रीनिवासन ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, "आस्ट्रेलिया एक बहु-संस्कृतिवादी सभ्यता वाला देश है। मेरा युवाओं से अनुरोध है कि वे एकदूजे का सम्मान करें और शांति व सद्भाव के साथ रहें। हम और क्या कह सकते हैं।"
हेडेन ने कहा कि बीते मंगलवार की रात भी एक भारतीय पर हमला किया गया था लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी कि यह भी नस्लीय हमला था अथवा नहीं। यहां 39 साल के युवक को निशाना बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications