राष्ट्रमंडल खेल : कलमाडी ने कहा, दोषी साबित होने पर फांसी पर लटका दें
नई दिल्ली, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने सोमवार को नाटकीय अंदाज में घोषणा की कि "यदि मैं दोषी साबित हुआ तो मुझे फांसी पर लटका दीजिए।" इसके साथ ही उन्होंने अनियमितता के उन आरोपों पर इस्तीफा देने से इंकार कर दिया, जिनने खेल की तैयारियों को अपनी गिरफ्त में ले रखा है। कलमाडी ने इन आरोपों को भारत के खिलाफ साजिश करार दिया है।
सीएनएन-आईबीएन के प्रधान संपादक राजदीप सरदेसाई के साथ एक साक्षात्कार में कलमाडी ने कहा, "खेल समाप्त होने के बाद भ्रष्टाचार के आरोपों पर किसी भी न्यायिक जांच का सामना करने को तैयार हूं। यदि मैं दोषी साबित होता हूं तो मुझे फांसी पर लटका दीजिए।"
कलमाडी ने कहा, "खेलों के खिलाफ साजिश, भारत के खिलाफ साजिश है। गंदे शौचालयों के कुछ छायाचित्रों का अर्थ यह नहीं होता कि खेलगांव विश्वस्तरीय नहीं हैं।"
कलमाडी ने कहा कि उन्होंने कभी भी इस्तीफा देने के बारे में विचार नहीं किया। उन्होंने कहा, "चार हजार लोगों की हमारी टीम दिन-रात काम कर रही है और मैं हमेशा इस बात से आश्वस्त रहा हूं कि यह एक महान आयोजन होगा और भारत सरकार ने मुझे पूरा समर्थन दिया है।"
कलमाडी ने कहा, "मैं गड़बड़ियों की जिम्मेदारी लेता हूं, लेकिन यदि आयोजन सफल होता है तो इसका श्रेय भी मुझे मिलना चाहिए।"
कलमाडी ने पूर्व खेल मंत्री मणिशंकर अय्यर पर आरोप लगाया कि उन्होंने दो वर्षो तक इस आयोजन के सिलसिले में कुछ नहीं किया। इसके साथ ही कलमाडी ने राष्ट्रमंडल खेल परिसंघ के सीईओ माइक हूपर पर भी निशाना साधा। हूपर ने पिछले सप्ताह खेलगांव को गंदा और रहने के अयोग्य करार दिया था।
कलमाडी ने सवाल किया, "माइक हूपर चार वर्षो तक भारत में थे। उस दौरान वह क्या कर रहे थे?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications