बिहार चुनाव : सुरक्षा में सहयोग देंगी उत्तराखण्ड की 6 कंपनियां
देहरादून, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार चुनाव के मद्देनजर उत्तराखण्ड पुलिस बलों की छह कंपनियां बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कायम करने में सहयोग देंगी। राज्य प्रशासनिक सेवा के दो वरिष्ठ अधिकारी भी बतौर पर्यवेक्षक बिहार जा रहे हैं।
राज्य पुलिस विभाग के एक अधिकारी के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राज्य के रिजर्व पुलिस बलों की 6 कंपनियां भेजी जा रही हैं। केंद्र सरकार ने राष्ट्रमंडल खेलों की सुरक्षा के लिए भी राज्य के पुलिस अधिकारियों को भेजने का आग्रह किया था, लेकिन अयोध्या मामले पर आने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले के मद्देनजर राज्य सरकार ने अपने जवान भेजने से मना कर दिया।
वहीं कार्मिक मंत्रालय के अनुसार राज्य प्रशासनिक सेवा के दो वरिष्ठ अधिकारी अपर सचिव एन.के. जोशी और अवनेंद्र नयाल बतौर पर्यवेक्षक विधानसभा चुनाव के सिलसिले में बिहार जा रहे हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जोशी के पास डेयरी विकास विभाग है, जबकि नयाल बतौर अपर निदेशक नैनीताल स्थित प्रशासनिक अकादमी में कार्यरत हैं।
गौरतलब है कि छह चरणों में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications