फोंसेका के खिलाफ एक और मुकदमा
कोलंबो, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। श्रीलंका के पूर्व सेना प्रमुख जनरल सरथ फोंसेका के खिलाफ सोमवार को एक और मुकदमा शुरू हो गया। उन पर गृह युद्ध के दौरान संवेदनशील सैन्य सामग्री का खुलासा करने का आरोप है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार फोंसेका ने कथित रूप से एक संवाददाता को बताया था कि उन्होंने किस तरह रक्षा सचिव को यह आदेश देते हुए सुना था कि गृह युद्ध के अंतिम चरण में तमिल विद्रोहियों को आत्मसर्मपण करने के लिए न छोड़ा जाए।
फोंसेका खराब स्वास्थ्य के कारण कोलंबो उच्च न्यायालय में पेश नहीं हुए। लेकिन समझा जाता है कि उन्होंने यह साक्षात्कार दिसंबर में समाचार पत्र 'संडे लीडर' को दिया था।
रक्षा सचिव गोटाभाया राजपक्षे ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के आत्मसमर्पण करने वाले सदस्यों की हत्या करने का आदेश देने की बात से इंकार किया है। गोटाभया राजपक्षे, राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के भाई हैं।
आत्मसमर्पण कर रहे विद्रोहियों तथा 7,500 नागरिकों की कथित मौत के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने श्रीलंका की काफी आलोचना की थी। संयुक्त राष्ट्र ने इस मामले की जांच का आदेश दिया था और श्रीलंका की जवाबदेही पर महासचिव बान की मून को सलाह देने के लिए विशेषज्ञों की एक समिति गठित की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications