सोनिया के आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगे तेदेपा नेता
तेलंगाना के तेदेपा नेताओं की यहां हुई एक बैठक में पृथक तेलंगाना के गठन की मांग को आगे बढ़ाने के लिए 24 अक्टूबर को 'चलो दिल्ली' अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
पूर्व मंत्री एवं तेदेपा विधायक एन.जनार्दन रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया कि वह सोनिया गांधी से मिलने का समय मांगेंगे और तेलंगाना राज्य के गठन के लिए तत्काल कदम उठाए जाने का उनसे आग्रह करेंगे। रेड्डी ने कहा, "हम कांग्रेस अध्यक्ष के आवास के बाहर धरना भी आयोजित करेंगे।"
इस बीच तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) प्रमुख के.चंद्रशेखर राव ने तेदेपा नेताओं को सलाह दी है कि उन्हें तेदेपा अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन आयोजित करना चाहिए।
राव ने करीमनगर में कहा कि गांधी तो पृथक तेलंगाना राज्य के लिए पहले ही राजी हो गई हैं। उन्होंने कहा, "लेकिन चंद्रबाबू नायडू तेलंगाना राज्य के गठन को रोकने की साजिश रच रहे हैं और तेलंगाना क्षेत्र के तेदेपा नेताओं को नायडू के आवास के बाहर धरना देना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications