राष्ट्रमंडल खेल : 200 स्वयं सेवकों को मान्यता प्रमाण पत्र का इंतजार
नई दिल्ली, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। तीन से 14 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान तैनात किए जाने वाले 200 से अधिक विशिष्ट खेल स्वयं सेवकों (एसएसवी) का अभी तक पुलिस सत्यापन नहीं होने के कारण मान्यता प्रमाण पत्र जारी करने का काम पूरा नहीं हो पाया है।
मान्यता प्रमाण पत्र न मिलने की वजह से जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में सोमवार से शुरू दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में वे शामिल नहीं हो पाए।
प्रतियोगिता प्रबंधक सी. के. वाल्सन ने आईएएनएस को बताया, "यह एक बड़ी समस्या है। बिना मान्यता प्रमाण पत्र के स्वयं सेवक स्डेडियम में प्रवेश नहीं कर सकते हैं। नियम कड़े कर दिए गए हैं और गृह मंत्रालय सुरक्षा बन्दोबस्त में कोई चूक नहीं चाहता है।"
राष्ट्रमंडल खेल समिति (सीजीओसी) ने प्रतिस्पर्धा के दौरान मदद के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) से 680 स्वयं सेवकों की मांग की थी।
वाल्सन ने 683 स्वयं सेवकों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेने को कहा था। हालांकि पिछले हफ्ते उन्होंन लिखित तौर पर कहा कि जिनका अभी तक पुलिस सत्यापन नहीं हो पाया है, उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रम में आने की जरूरत नहीं है।
जिन 200 स्वयं सेवकों को मान्यता प्रमाण पत्र नहीं मिल पाया है वे बेहद निराश हैं।
पश्चिम बंगाल के एक स्वयं सेवक जयंत दलाल ने कहा, "तय समय सीमा के पहले ही पुलिस सत्यापन आवेदन पत्र जमा करने के बावजूद कोई भी सुरक्षा एजेंसी हमारे बारे में जानकारी लेने नहीं आई। जब हम यहां पहुंचे हैं, तो पता चला कि पुलिस से सत्यापन जरूरी है। अगर सुरक्षा एजेंसियों ने अपना काम नहीं किया है तो इसमें हमारी क्या गलती है।"
वाल्सन ने कहा कि आयोजन समिति 200 स्वयं सेवकों को मान्यता प्रमाण पत्र दिलाने की कोशिश करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications