कश्मीर पैकेज खास क्षेत्र के लिए नहीं : उमर
अब्दुल्ला ने सोमवार को जम्मू में एक कार्यक्रम के मौके पर मीडियाकर्मियों को बताया, "यह कहना गलत है कि यह पैकेज खास क्षेत्र के लिए है।" अब्दुल्ला ने उस टिप्पणी के जवाब में यह बात कही, जिसमें कहा गया था कि केंद्र सरकार का 25 सितम्बर का पैकेज खासतौर से घाटी के लिए है।
ज्ञात हो कि केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम ने सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति की बैठक के बाद जम्मू एवं कश्मीर के लिए आठ सूत्री पैकेज की घोषणा की थी। इनमें से सात सूत्रों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से आए शरणार्थियों और कश्मीरी पंडितों के संगठनों द्वारा कश्मीर केंद्रित समझा जा रहा है।
अब्दुल्ला ने जम्मू के इन संगठनों की आलोचना की निंदा की और उनसे पैकेज को फिर से देखने-समझने के लिए कहा, ताकि वे इस बारे में स्पष्ट हो सकें कि यह पैकेज क्षेत्र केंद्रित नहीं है।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष शमशेर सिंह मन्हास ने रविवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि पैकेज में जम्मू के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा था कि यह पैकेज कश्मीरी अलगाववादियों को खुश करने के लिए है।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से आए शरणार्थियों के प्रमुख संगठन, एसओएस के अध्यक्ष राजीव चुन्नी ने भी इसी तरह की बात कही है। चुन्नी ने कहा है, "कश्मीरियों को खुश करने और जम्मू व उसके आग्रहों व आकांक्षाओं को नजरअंदाज करने के अलावा यह पैकेज कुछ नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications