अधिकारियों ने माना, लापता पाकिस्तानी कैदी हुआ फरार
पुलिस के मुताबिक कैदी नयामत अली (40) गत 29 अगस्त को कारागार से लापता हो गया था। पुलिस को आशंका था कि उसकी मौत किसी दुर्घटना में हुई होगी या उसने आत्महत्या कर ली होगी।
पुलिस ने दावा किया कि अली के लिए कारागार की 24 फुट ऊंची चारदीवारी को लांघ कर भागना असंभव है। बाद में उन्हें संदेह हुआ कि उसकी मौत सीवर के पाइप या नाले में फंसने की वजह से हुई होगी।
अमृतसर के जिलाधिकारी के.एस. पन्नू ने सोमवार को आईएएनएस को बताया, "मामले की जांच के लिए हमने एक समिति बनाई। समिति में उप-जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को शामिल किया गया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में अली के जेल से फरार होना बताया है।"
जिलाधिकारी के मुताबिक लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही इसकी रिपोर्ट पंजाब सरकार और संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।
पुलिस ने बताया कि एक साल पहले सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने अली को इस शहर के समीप लोपोके क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। वह अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गया था।
कारागार के अधिकारियों ने बताया कि अली ने गत 27 अगस्त को अपनी सजा पूरी कर ली थी और वह स्वदेश लौटने की तैयारी में था। उसके फरार होने के समय ड्यूटी पर मौजूद तीन जेल वार्डनों को लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications