दिख रही मौत से पहले शादी के बंधन में बंधे
समाचार पत्र 'द सन' ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट में बताया है कि सैली राइट और एडम ग्रे ने पिछले महीने कैंसर होने की जानकारी मिलने के बाद शादी कर ली। वह अग्नाशय कैंसर से पीड़ित हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि यह जोड़ा इस बात को लेकर चिंतित था कि कैंसर से पीड़ित होने की वजह से शादी समारोह भव्य नहीं होगा, लेकिन उनके दोस्तों ने इस शादी समारोह को भव्य तरीके से मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
सैली और एडम शनिवार को अपने गृह नगर गैलेशिल्स में विवाह के बंधन में बंध गए।
समाचार पत्र ने सैली के हवाले से बताया, "यह मेरे लिए बेहतरीन दिन था। मुझे इससे ज्यादा कुछ नहीं चाहिए। मैं अपने परिवार को छोड़ना नहीं चाहती हूं लेकिन मैं इसे नहीं टाल सकती।"
उन्होंने कहा, "मेरे नहीं रहने के बाद क्या होगा इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। शादी से यह सुनिश्चित हो गया है कि हम हमेशा एक परिवार रहेंगे।"
आठ साल पहले मैकडोनल्ड्स रेस्तरां में काम करते समय दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा था। युगल की दो वर्षीया बेटी एलिसा और एक छह महीने का पुत्र ओलिवर है।
रिपोर्ट के मुताबिक सैली के गर्भ में जब उसका बेटा पल रहा था तभी से वह बीमार रहने लगी। पिछले दिनों उसके कैंसर से ग्रसित होने का पता चला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications