छत्तीसगढ़ में अगवा पुलिसकर्मियों की तलाश तेज
जिले के पुलिस अधीक्षक आर. एन. दास ने आईएएनएस को बताया, "हम उन नक्सलियों का पता लगाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं जो सहायक उपनिरीक्षक एस. भगत और तीन कांस्टेबलों को छत्तीसगढ़ एवं आंध्र प्रदेश के घने जंगलों में एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे हैं। जंगलों में तलाशी अभियान में भी तेजी लाई गई है।"
गौरतलब है कि नक्सलियों ने गत 19 सितम्बर को बीजापुर इलाके के भोपालपत्नम से सात पुलिसकर्मियों को अगवा कर लिया था। अपहरण के एक दिन बाद ही उन्होंने तीन पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
इसके एक हफ्ते बाद नक्सलियों ने रविवार को उन्हें छोड़ने के लिए 48 घंटे समय-सीमा तय कर दी।
राज्य के पुलिस महानिदेशक विश्व रंजन ने रविवार रात को कहा कि पुलिस को भोपालपत्नम इलाके से हाथ से लिखे कुछ पर्चे मिले हैं। जिसमें नक्सल विरोधी मुहिम को बंद करने सहित कई मांगें की गई हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं यह पर्चे प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी)द्वारा लिखे गए हैं या नहीं।
बहरहाल, मुख्यमंत्री रमन सिंह ने नक्सलियों से पुलिसकर्मियों को मानवता के नाते छोड़ने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications