मध्य पूर्व वार्ता जारी रखने की कोशिशें तेज

नाराज़गी भरी अंतिम दौर की बातचीत में अमरीका इसरायल पर ये दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है कि वो पश्चिमी तट पर बस्तियों के निर्माण में कमी को जारी रखे.
फ़लिस्तीन चाहता है कि वेस्ट बैंक में हो रहे इस निर्माण पर पूरी तरह रोक लगे. इस इलाके में निर्माण की धीमी रफ़्तार और किसी भी नए निर्माण पर पूरा प्रतिबंध इस रविवार तक लागू है.
अमरीका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने फ़लस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाक़ात कर उन्हें इस मुद्दे पर ठोस नतीजों का भरोसा दिलाया और कहा कि वो शांति प्रक्रिया में बने रहें.
क्लिंटन और अब्बास की मुलाक़ात शनिवार को एक बार फिर होगी है. इस बीच इसरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वेस्ट बैंक में हो रहे निर्माण पर पूरी तरह रोक लगाना मुमुकिन नहीं होगा.
इसरायल और फ़लस्तीनियों के बीच मध्य पूर्व में शांति बहाली के लिए हो रही ये सीधी बातचीत 20 महीने के अंतराल के बाद संभव हो पाई है. लेकिन इस बातचीत पर पश्चिमी तट पर इसरायली बस्तियों के निर्माण का मुद्दा लगातार हावी रहा है.
इस रविवार को निर्माण कार्य पर लगाई गई रोक की समयसीमा पूरी हो रही है. ये शांति प्रक्रिया जारी रहे इसके लिए अमरीका भी इसरायल पर दबाव डाल रहा है कि वो निर्माण संबंधी समयसीमा बढ़ा दे.












Click it and Unblock the Notifications