पुलिस फ़ायरिंग में बच्चे की मौत

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारतीय कश्मीर में हुई पुलिस की फ़ायरिंग में एक बच्चा मारा गया है.
राजधानी श्रीनगर से कोई 55 किलोमीटर दक्षिण में बसे अनंतनाग शहर में जब प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने गोलियां चलाईं तो इरशाद अहमद परे घायल हो गया.
उसे तुरंत श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस का कहना है कि उसने गोलियां तब चलाईं जब पत्थर फेंक रहे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस का कोई असर नहीं पड़ा.
पिछले तीन महीने से कश्मीर में भारतीय प्रशासन के ख़िलाफ़ विद्रोह हो रहा है जिसमें 65 नागरिक मारे जा चुके हैं.
इनमें से चार के अलावा सभी पुलिस या अर्द्धसैनिक बलों की गोलियों का शिकार हुए हैं.
अनंतनाग में हुई फ़ायरिंग की घटना से पहले श्रीनगर के माइसूमा इलाक़े की एक गली में कैरम बोर्ड खेलते युवाओं पर एक पुलिसकर्मी ने अकारण गोलियां चलाईं.
इस गोलीबारी में पांच युवक घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जाती है.
इस पुलिसकर्मी को सेवा से निलंबित करके गिरफ़्तार कर लिया गया है.












Click it and Unblock the Notifications