सरिस्का फिर होने लगा बाघों से आबाद
इधर, सरिस्का को बाघों से आबाद करने के लिए राजस्थान में बड़ी पहल की गई है। कुछ समय पहले वहां 3 बाघों का पुनर्वास किया गया था और पिछली 20 जुलाई को एक बाघ और फिर 28 जुलाई को एक बाघिन को वहां रणथम्भौर से स्थानान्तरित किया गया।
इसके चलते अब वहां 5 बाघ हो चुके हैं। यूं भी सरिस्का टाइगर रिजर्व अपने प्राकृतिक परिवेश, विस्तृत क्षेत्रफल व घने जंगल के कारण बाघों के लिए सर्वथा अनुकूल अभयारण्य है। उम्मीद है कि वहां इन बाघों के परस्पर मेल से आने वाले वर्षो में बाघों की संख्या में वृद्घि होगी।
ऐसे दौर में जब पूरा विश्व, बाघों की आबादी घटने के संकट से जूझ रहा है, राजस्थान में बाघों की आबादी में पिछले वर्षो में हुई बढ़ोतरी एक सुखद संकेत है। दरअसल, राजस्थान में बाघ संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयासों के चलते ही रणथम्भौर बाघ अभयारण्य में बाघों की संख्या में वृद्घि हुई है।
वर्ष 2005 में राजस्थान में बाघों की संख्या मात्र 26 थी, जो अब बढ़कर 44 हो गई है। इनमें रणथम्भौर में 39 और सरिस्का में पुनर्वास किए 5 बाघ सम्मिलित हैं। रणथम्भौर में बाघों की संख्या बढ़ने के साथ ही बड़ी समस्या अब यह होने लगी है कि वहां का क्षेत्रफल बाघों के लिए कम पड़ने लगा है। वर्तमान में महज 282 वर्ग किलोमीटर मुख्य क्षेत्र ही बाघों के लिए बचा है। वहां 1 हजार 112 वर्ग किलोमीटर बफर क्षेत्र घोषित किया गया है, जिसमें इंसानों की आबादी भी रहती है।
राज्य सरकार ने बफर क्षेत्र से लोगों को स्थानान्तरित करने के प्रयास भी इधर निरंतर किए हैं, परन्तु अभी भी बहुत से लोग अपना स्थान छोड़ने के लिए राजी नहीं है। राज्य सरकार के प्रयासों के चलते अब तक 33 परिवारों को स्थानान्तरित किया जा चुका है। इससे वहां 60 वर्गकिलोमीटर क्षेत्र बाघों के लिए खाली हो गया है। लेकिन इस दिशा में अभी और भी प्रयास किए जाने हैं।
हालांकि स्वैच्छिक रूप से लोगों को बाघ संरक्षित क्षेत्र से स्थानान्तरित करने के लिए सरकार ने 102 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और उम्मीद है कि इस राशि से लोगों के पुनर्वास में काफी हद तक मदद मिलेगी।
राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री रामलाल जाट बताते हैं, "बाघ संरक्षण के लिए स्थानीय समुदायों को वनों के संरक्षण में भागीदारी देने पर हम जोर दे रहे हैं। हमारा प्रयास है कि बाघों की सुरक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा बल तैयार किया जाए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications